• Mon. Mar 9th, 2026

Swaraj Times Desk: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए मतदाता पुनरीक्षण (Voter Revision) सूची जारी कर दी है, जिससे चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू मानी जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अप्रैल–मई 2026 में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं और उससे पहले मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 24 दिसंबर से 30 दिसंबर तक प्रारंभिक मतदाता सूची का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपने नाम, पता या अन्य विवरणों को लेकर दावा और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 31 दिसंबर से 6 जनवरी तक इन सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 फरवरी 2026 को पंचायत चुनाव की फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार इस बार पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में लगभग 40 लाख नए नाम जुड़े हैं। नए मतदाताओं की यह बड़ी संख्या सभी राजनीतिक दलों के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि पंचायत स्तर पर यही वोटर आगे चलकर विधानसभा और लोकसभा चुनावों की दिशा तय करने में भूमिका निभाते हैं। 6 फरवरी को अंतिम सूची जारी होने के बाद केवल पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन का इंतजार रहेगा, जो सीटवार आरक्षण का निर्धारण करेगा। आरक्षण सूची जारी होने और उस पर आपत्तियों के निस्तारण के बाद चुनाव की तारीखों की घोषणा संभव है।

राजनीतिक नजरिए से देखें तो यूपी पंचायत चुनाव 2026 को 2027 विधानसभा चुनाव का “सेमीफाइनल” माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि ग्रामीण इलाकों में उसका जनाधार अब भी मजबूत है। वहीं समाजवादी पार्टी की रणनीति ज्यादा से ज्यादा पंचायतों में जीत दर्ज कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की है।

बीजेपी और सपा के अलावा राष्ट्रीय लोकदल और कांग्रेस भी अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी। पार्टी का कहना है कि इसका असर 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन पर नहीं पड़ेगा।

कुल मिलाकर, मतदाता सूची के जारी होते ही यूपी पंचायत चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। आने वाले महीनों में आरक्षण, उम्मीदवार चयन और गठबंधनों को लेकर प्रदेश की राजनीति और अधिक गर्म होने तय मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *