• Tue. Mar 10th, 2026

Swaraj Times Desk: कॉमेडी के बादशाह कपिल शर्मा और उनका पॉपुलर शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह हंसी-मजाक नहीं बल्कि एक गंभीर कानूनी विवाद है। शो के तीसरे सीजन पर कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप लगे हैं, जिसके बाद फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (PPL) इंडिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। इस खबर ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है।

दरअसल, शो के नए सीजन के पहले एपिसोड में बॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा मेहमान बनकर आई थीं। फैंस इस एपिसोड को लेकर काफी एक्साइटेड थे, लेकिन इसी दौरान सामने आया कि शो में कुछ बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल बिना जरूरी लाइसेंस के किया गया। मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, 21 जून से 20 सितंबर के बीच प्रसारित हुए एपिसोड्स में तीन मशहूर गाने बिना अनुमति के चलाए गए।

इन गानों में M बोले तो (मुन्नाभाई MBBS), रामा रे’ (कांटे) और सुबह होने ना दे (देसी बॉयज) शामिल हैं। PPL इंडिया का कहना है कि ये सभी गाने कॉपीराइट एक्ट, 1957 के तहत संरक्षित हैं और इन्हें सार्वजनिक मंच पर इस्तेमाल करने के लिए वैध लाइसेंस लेना अनिवार्य है। आरोप है कि शो के मेकर्स ने न तो लाइसेंस लिया और न ही इसके लिए कोई अनुमति मांगी।

PPL ने कोर्ट से मांग की है कि कथित तौर पर अवैध इस्तेमाल से हुई कमाई का पूरा लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा, उल्लंघन से जुड़ी सामग्री को जब्त करने के लिए कोर्ट से रिसीवर नियुक्त करने की भी अपील की गई है। इस मामले में K9 फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और बीइंगयू स्टूडियोज प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदार ठहराया गया है, जो शो के निर्माण से जुड़े हैं।

इस विवाद के बीच शो का कंटेंट और इसके मेहमान भी चर्चा में हैं। प्रियंका चोपड़ा इस सीजन की पहली गेस्ट थीं और वह अपनी अपकमिंग फिल्म वाराणसी के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं। इस फिल्म में वह साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के साथ नजर आएंगी और इसका निर्देशन एसएस राजामौली कर रहे हैं। भारी बजट और बड़े स्टारकास्ट के कारण फिल्म पहले से ही सुर्खियों में है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि यह कानूनी मामला किस दिशा में जाता है। फिलहाल इतना तय है कि कॉपीराइट जैसे गंभीर मुद्दे पर यह केस टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री के लिए एक अहम मिसाल बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *