• Wed. Mar 11th, 2026

20 साल बाद एक मंच पर राज-उद्धव, बालासाहेब की विरासत के साथ मुंबई को लेकर बड़ा रोडमैप पेश

Swaraj Times Desk: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव 2026 से पहले महाराष्ट्र की राजBalasahebThackerayनीति में एक बड़ा और भावनात्मक पल देखने को मिला, जब उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने संयुक्त रूप से बीएमसी चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया. लंबे समय बाद ठाकरे बंधुओं का एक मंच पर आना न केवल राजनीतिक, बल्कि प्रतीकात्मक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है.

घोषणापत्र का भावनात्मक संदेश

घोषणापत्र के कवर पेज पर बालासाहेब ठाकरे के साथ राज और उद्धव ठाकरे की तस्वीर लगाई गई है. यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मुंबई की राजनीति में ठाकरे परिवार की विचारधारा और विरासत अब भी एकजुट है. घोषणापत्र के जरिए मराठी अस्मिता, मुंबई की पहचान और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों को केंद्र में रखा गया है.

मुंबईवासियों से किए गए बड़े वादे

संयुक्त घोषणापत्र में ठाकरे बंधुओं ने मुंबई को लेकर कई अहम वादे किए हैं. इसमें साफ पानी की निर्बाध आपूर्ति, बेहतर सड़कें, गड्ढामुक्त मुंबई, मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है. झुग्गी-झोपड़ी पुनर्विकास, सस्ती और सुरक्षित आवास योजना, युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता दी गई है.

इसके अलावा घोषणापत्र में कहा गया है कि मुंबई की जमीन और संसाधनों पर पहला हक मुंबईवासियों का होगा. मराठी भाषा और संस्कृति के संरक्षण को भी इसमें अहम स्थान दिया गया है. ठाकरे बंधुओं ने भरोसा दिलाया कि बीएमसी पर सत्ता में आने के बाद नगर प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा.

मंच से क्या बोले नेता?

इस मौके पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भावुक अंदाज में कहा, “20 साल बाद सेना भवन आए राज साहब का स्वागत करता हूं.” उनका यह बयान इस बात का संकेत माना जा रहा है कि बीएमसी चुनाव के जरिए ठाकरे परिवार फिर से मुंबई की राजनीति में एकजुट शक्ति के रूप में उभरना चाहता है.

राजनीतिक मायने

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ठाकरे बंधुओं का यह संयुक्त घोषणापत्र सीधे तौर पर बीजेपी और महायुति के लिए चुनौती है. बीएमसी चुनाव में यह गठजोड़ मुंबई की राजनीति की दिशा बदल सकता है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मुंबईवासी इस एकता और वादों को कितना समर्थन देते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *