• Thu. May 7th, 2026

वेनेजुएला के बाद कोलंबिया निशाने पर? ट्रंप के बयानों से हिला पूरा क्षेत्र, जानिए किसे दी चेतावनी और क्यों ?

Swaraj Times Desk: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाने के बाद अब लैटिन अमेरिका में तनाव और गहरा गया है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के ठीक अगले दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और देश के राष्ट्रपति को सरेआम धमकी देकर विवाद खड़ा कर दिया. इस बार निशाने पर हैं कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप की खुली चेतावनी

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने पेट्रो पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कोकीन के उत्पादन और तस्करी में शामिल हैं. ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा, “वे कोकीन बना रहे हैं और उसे अमेरिका भेज रहे हैं. इसलिए उन्हें बहुत सावधान रहना चाहिए.” इस बयान को सीधे तौर पर धमकी के रूप में देखा जा रहा है.

मादुरो एक्शन के बाद डरा लैटिन अमेरिका

मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद कई लैटिन अमेरिकी देशों ने अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को संप्रभुता पर हमला बताया है. खुद पेट्रो ने भी वाशिंगटन की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे पूरे क्षेत्र में मानवीय संकट पैदा हो सकता है. ट्रंप की ताजा टिप्पणी ने इन आशंकाओं को और हवा दे दी है.

क्या कोलंबिया भी अगला निशाना?

ट्रंप पहले भी यह कह चुके हैं कि ड्रग्स के खिलाफ जंग के तहत अमेरिका कोलंबिया में कोकीन लैब्स पर हमला करने से पीछे नहीं हटेगा. पेट्रो इस सैन्य तैनाती के मुखर आलोचक रहे हैं. ऐसे में ट्रंप की यह टिप्पणी कोलंबिया के लिए सीधे सैन्य खतरे के संकेत के तौर पर देखी जा रही है.

वेनेजुएला पर अमेरिका का दावा

मादुरो की गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अस्थायी तौर पर वेनेजुएला के शासन में भूमिका निभाएगा, जब तक वहां “सुरक्षित और जिम्मेदार सत्ता हस्तांतरण” नहीं हो जाता. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो अमेरिका और बड़ा सैन्य हमला करने से भी नहीं हिचकेगा.

तेल, प्रभुत्व और अरबों डॉलर

ट्रंप ने साफ कहा कि वेनेजुएला की ऊर्जा संपदा अमेरिका के लिए बेहद अहम है. उन्होंने ऐलान किया कि अमेरिकी तेल कंपनियां वहां जाएंगी और अरबों डॉलर खर्च कर क्षतिग्रस्त तेल ढांचे की मरम्मत करेंगी. साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना पूरी तरह अलर्ट पर है और सभी सैन्य विकल्प खुले हैं.

मेक्सिको और क्यूबा को भी संदेश

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया कि क्यूबा अगला निशाना हो सकता है. वहीं ट्रंप ने मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश को कार्टेल चला रहे हैं, सरकार नहीं.

बढ़ता वैश्विक तनाव

मादुरो की गिरफ्तारी से शुरू हुआ यह घटनाक्रम अब पूरे पश्चिमी गोलार्ध को अस्थिर करने की ओर बढ़ता दिख रहा है. ट्रंप के बयानों ने साफ कर दिया है कि अमेरिका अपने प्रभुत्व को लेकर किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *