साइबर ठगों से बचने की अपील, 1930 हेल्पलाइन बताकर CM योगी ने कहा – जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
Swaraj Times Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेशवासियों को सतर्क रहने की सख्त अपील की है. मुख्यमंत्री ने जनता के नाम एक विशेष पत्र ‘योगी की पाती’ के माध्यम से साइबर ठगों के नए-नए हथकंडों को लेकर आगाह किया है और कहा है कि जागरूकता ही इस खतरे से बचने का सबसे बड़ा उपाय है.
‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई चीज नहीं
सीएम योगी ने अपने संदेश में साफ शब्दों में कहा कि देश के किसी भी कानून में ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा कोई प्रावधान नहीं है. उन्होंने बताया कि साइबर ठग इसी झूठे और डराने वाले शब्द का इस्तेमाल कर लोगों को धमकाते हैं और उनसे पैसे ऐंठ लेते हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के जरिए न तो गिरफ्तारी करती है और न ही पैसों की मांग करती है.
इंटरनेट ने जीवन आसान किया, लेकिन खतरे भी बढ़े
मुख्यमंत्री ने लिखा कि मोबाइल, इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने जहां जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराध की चुनौतियां भी तेजी से बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि सरकार साइबर अपराध की रोकथाम के लिए लगातार मजबूत कदम उठा रही है, लेकिन आम नागरिकों की सतर्कता सबसे जरूरी है.
यूपी में साइबर सुरक्षा का मजबूत नेटवर्क
सीएम योगी ने जानकारी दी कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सिर्फ 2 साइबर क्राइम थाने थे, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर क्राइम थाने और हेल्प डेस्क स्थापित किए जा चुके हैं. यह नेटवर्क साइबर अपराधियों पर नकेल कसने में अहम भूमिका निभा रहा है.
निजी जानकारी साझा न करें
मुख्यमंत्री ने लोगों को चेताया कि सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा निजी जानकारी साझा करना खतरनाक हो सकता है. साइबर अपराधी इन्हीं सूचनाओं का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाते हैं. उन्होंने OTP, बैंक डिटेल्स और निजी जानकारी किसी से भी साझा न करने की अपील की.
ठगी हो तो तुरंत करें शिकायत
सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो सबसे पहले 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें. समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है.
वरिष्ठ नागरिकों को करें जागरूक
मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि परिवार और समाज का दायित्व है कि बुजुर्गों को साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दें, ताकि वे आसानी से ठगों का शिकार न बनें.
अंत में सीएम योगी ने अपील की कि सभी लोग मिलकर सुरक्षित और साइबर अपराध-मुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहयोग करें.
