• Sun. Mar 8th, 2026

महानगरपालिका चुनावों से पहले महाराष्ट्र की सियासत गरम, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान से बढ़ा सियासी पारा

Swaraj Times Desk: महाराष्ट्र के महानगरपालिका चुनावों से पहले सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है. इसी कड़ी में नांदेड़ जिले में आयोजित एक जनसभा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख और उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर जोरदार हमला बोला. ओवैसी के इस भाषण ने चुनावी माहौल को और ज्यादा गर्म कर दिया है.

जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि जो व्यक्ति अपने ही चाचा शरद पवार का नहीं हुआ, वह जनता का क्या होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि अजित पवार ने जिस शख्स ने उन्हें राजनीति में खड़ा किया, उसी का साथ छोड़ दिया. ओवैसी ने कहा, “जिसने तुम्हें पाला-पोसा, पहचान दी, उसी को घर में बैठाकर आगे बढ़ गए, यही अजित पवार की राजनीति है.”

‘अगर मुस्लिम होते तो जेल में होते’ बयान

ओवैसी ने अजित पवार पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि खुद अजित पवार यह स्वीकार कर चुके हैं कि उन पर हजारों करोड़ रुपये के गबन के आरोप लगे हैं. ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा, “अगर अजित पवार का नाम किसी मुसलमान जैसा होता, तो वह आज सत्ता में नहीं बल्कि जेल में होते. यही फर्क है सत्ता में रहने वालों और मुसलमानों के साथ होने वाले व्यवहार में.”

अशोक चव्हाण पर भी तंज

ओवैसी ने इस मंच से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को भी नहीं छोड़ा. उन्होंने कहा कि अशोक चव्हाण ने भाजपा के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें केंद्र में मंत्री पद तक नहीं मिला. ओवैसी ने कहा, “आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन आपको राज्यमंत्री तक नहीं बनाया गया. आदर्श घोटाले में इस्तीफा देना पड़ा, फिर भी सब कुछ दांव पर लगा दिया.”

नांदेड़ की राजनीति और AIMIM का दावा

ओवैसी ने नांदेड़ की जनता को ‘होशियार और जागरूक’ बताते हुए कहा कि यहां की अवाम 15 जनवरी को अपना जवाब देगी. उन्होंने याद दिलाया कि जब नांदेड़ से AIMIM के 13 कॉर्पोरेटर जीते थे, तभी महाराष्ट्र में पार्टी की सियासी मौजूदगी मजबूत हुई थी. उन्होंने यह भी कहा कि एक समय बाल ठाकरे ने सवाल किया था कि ओवैसी कौन है, लेकिन आज AIMIM मुंबई तक अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है.

ओवैसी के इस आक्रामक भाषण के बाद नांदेड़ समेत पूरे महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज हो गई है और चुनावी मुकाबला और रोचक होता दिख रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *