• Mon. Mar 9th, 2026

अचानक बिगड़ी तबीयत, MRI समेत कई जांचें जारी, पहले भी कई बार हो चुकी है ऐसी स्थिति

Swaraj Times Desk: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. शनिवार, 10 जनवरी को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि वॉशरूम में जाते समय उन्हें दो बार बेहोशी का दौरा पड़ा, जिसके बाद परिवार और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया.

क्या है मौजूदा हालत?

सूत्रों के मुताबिक, AIIMS पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उनकी पूरी मेडिकल जांच शुरू की. एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है. डॉक्टरों ने MRI समेत कुछ अहम टेस्ट कराने की सलाह दी है ताकि बेहोशी की वजह का सही पता लगाया जा सके. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है.

पहले भी कई बार हो चुकी है ऐसी स्थिति

यह पहली बार नहीं है जब जगदीप धनखड़ को सार्वजनिक या निजी स्थानों पर अचानक अस्वस्थता का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले भी वे कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बेहोश हो चुके हैं. इन घटनाओं के बाद उनकी सेहत को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं.

मानसून सत्र से पहले दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि 21 जुलाई 2025 को संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. उस दिन उन्होंने राज्यसभा की कार्यवाही भी संचालित की थी. बाद में उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस्तीफे की जानकारी दी गई, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था. हालांकि, उनके अचानक इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं भी हुई थीं.

आवास को लेकर भी लिख चुके हैं पत्र

इस्तीफे के कुछ महीनों बाद यह खबर भी सामने आई थी कि पूर्व उपराष्ट्रपति होने के बावजूद उन्हें अभी तक सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया है. इसको लेकर उन्होंने 22 अगस्त को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखकर पूर्व उपराष्ट्रपतियों को मिलने वाली सुविधाओं का हवाला दिया था.

पूर्व उपराष्ट्रपति को मिलने वाली सुविधाएं

नियमों के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को केंद्र सरकार की ओर से हर महीने पेंशन, सरकारी आवास, निजी स्टाफ, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा जैसी सुविधाएं दी जाती हैं.

फिलहाल देशभर की नजरें जगदीप धनखड़ की सेहत पर टिकी हैं और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *