• Mon. Mar 9th, 2026

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा दांव, अनुभवी नामों के साथ युवाओं को भी मिला मौका

Swaraj Times Desk: Indian Women Team Squads For Australia Tour:
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है. इस अहम दौरे पर टीम इंडिया 3 वनडे और 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी. यह सीरीज जून 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने टीम में संतुलन के साथ कुछ चौंकाने वाले फैसले भी लिए हैं.

सबसे बड़ी खबर 7 साल बाद भारती फुलमाली की वापसी को लेकर है. 31 वर्षीय बल्लेबाज ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 में खेला था, लेकिन WPL 2026 में उनके विस्फोटक प्रदर्शन ने एक बार फिर उन्हें राष्ट्रीय टीम के दरवाजे तक पहुंचा दिया. भारती ने WPL में 13 मैचों में 162.85 के शानदार स्ट्राइक रेट से 289 रन बनाए, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें टी20 टीम में शामिल किया.

टी20 टीम में नए और पुराने चेहरों का मेल

टी20 टीम की कप्तानी एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि उप-कप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना निभाएंगी. लंबे समय बाद चोट से उबरकर श्रेयंका पाटिल की भी वापसी हुई है, जो टीम के लिए बड़ा प्लस मानी जा रही है.

हालांकि, अच्छे फॉर्म के बावजूद हरलीन देओल को टी20 टीम से बाहर रखा गया है, जो चयन का सबसे चौंकाने वाला फैसला रहा. वहीं स्पिनर राधा यादव को वनडे और टी20 दोनों टीमों से ड्रॉप कर दिया गया है.

वनडे टीम में युवाओं पर भरोसा

वनडे टीम में चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है. वैश्नवी शर्मा और जी कमलिनि को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा कश्वी गौतम को अरुणधती रेड्डी की जगह टीम में जगह मिली है.

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीमें

भारत की टी20 टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैश्नवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनि (विकेटकीपर), अरुणधती रेड्डी, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, श्रेयंका पाटिल.

भारत की वनडे टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैश्नवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनि (विकेटकीपर), कश्वी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *