दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा, अब प्रशासन की सख्ती से खुली फर्जीवाड़े की परतें
Swaraj Times Desk: Haldwani Investment Fraud: उत्तराखंड के हल्द्वानी में निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. डहरिया क्षेत्र में स्थित GMFX Global Limited नाम की कंपनी पर करीब 39 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है. कंपनी पर लोगों को “दो साल में पैसा दोगुना” करने का लालच देकर निवेश कराने और बाद में रकम फंसाने का आरोप है.
शिकायतें बढ़ने के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने खुद मौके पर पहुंचकर कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा. इस दौरान प्रशासन को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. कमिश्नर ने साफ कहा कि जनता की मेहनत की कमाई से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी ने निवेशकों से यह वादा किया था कि दो वर्षों में उनकी राशि दोगुनी कर दी जाएगी. इस भरोसे पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी निवेश कर दी. कुछ निवेशकों ने तो बैंक और परिचितों से कर्ज लेकर भी कंपनी में पैसा लगाया.
शेयर बाजार और जमीन का दावा, सबूत नदारद
जांच के दौरान कंपनी प्रबंधन ने दावा किया कि निवेश की रकम शेयर बाजार और जमीन की खरीद-फरोख्त में लगाई गई है. हालांकि, जब प्रशासन ने इससे जुड़े दस्तावेज और प्रमाण मांगे, तो कंपनी कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सकी. इतना ही नहीं, निवेश और मुनाफे का विवरण दिखाने वाला कंपनी का ऑनलाइन पोर्टल भी जांच के समय नहीं खुल पाया, जिससे संदेह और गहरा गया.
जनता दरबार से खुला मामला
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ, जब कई पीड़ित निवेशकों ने जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई. पीड़ितों का कहना है कि अब कंपनी न तो पैसे लौटा रही है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे रही है. कई परिवार आर्थिक संकट में फंस गए हैं.
सख्त कार्रवाई के निर्देश
कमिश्नर दीपक रावत ने पुलिस और संबंधित विभागों को त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. प्रशासन अब कंपनी के वित्तीय लेन-देन, खातों और निवेश मॉडल की गहराई से जांच कर रहा है. साथ ही निवेशकों से भी आगे आकर बयान दर्ज कराने की अपील की गई है.
यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि असामान्य रूप से ज्यादा रिटर्न के वादों से सावधान रहना जरूरी है और निवेश से पहले कंपनी की वैधता की पूरी जांच करनी चाहिए.
