काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला, दो अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
Swaraj Times Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (18 जनवरी) को असम दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. नगांव जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा है और न ही देश को आगे ले जाने की ठोस सोच. उन्होंने कहा कि आज का भारत गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और विरासत के साथ विकास चाहता है, और यही वजह है कि जनता भाजपा पर भरोसा कर रही है.
6957 करोड़ की काजीरंगा परियोजना की आधारशिला
प्रधानमंत्री ने असम के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी, जिसकी कुल लागत 6,957 करोड़ रुपये है. यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा और यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी. पीएम मोदी ने परियोजना के मॉडल का निरीक्षण किया और कहा कि इससे काजीरंगा क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.
दो अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
इस मौके पर पीएम मोदी ने डिजिटल माध्यम से दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई. इनमें डिब्रूगढ़–गोमती नगर (लखनऊ) और कामाख्या–रोहतक रूट शामिल हैं. इन ट्रेनों से असम का सीधा संपर्क उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से मजबूत होगा. आधुनिक सुविधाओं से लैस ये ट्रेनें लंबी दूरी की यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाएंगी.
कांग्रेस राज पर सीधा हमला
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान असम को विकास के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिला. उन्होंने बताया कि पहले असम का रेल बजट करीब 2,000 करोड़ रुपये सालाना था, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर लगभग 10,000 करोड़ रुपये कर दिया है. उन्होंने कहा कि रोड, रेल, एयर और वाटरवेज—चारों माध्यमों से नॉर्थ ईस्ट को जोड़ने का काम अब एक साथ हो रहा है.
काजीरंगा में राइनो संरक्षण की तारीफ
प्रधानमंत्री ने काजीरंगा नेशनल पार्क में एक समय राइनो के शिकार की बढ़ती घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सख्त कदम उठाकर स्थिति बदली. उन्होंने कहा कि सुरक्षा मजबूत होने से न सिर्फ वन्यजीव सुरक्षित हुए, बल्कि पर्यटन भी बढ़ा और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला.
चुनावी संदेश भी दिया
बीएमसी चुनावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश नकार रहा है. जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ, वहां आज उसकी स्थिति चौथे-पांचवें नंबर की पार्टी जैसी हो गई है. उन्होंने कहा कि असम आकर उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा और खुशी मिलती है, क्योंकि यह वीरों और प्रतिभाशाली युवाओं की धरती है.
