Alankar Agnihotri News: भगवान राम और कृष्ण के नाम के संगम से बनेगा दल का नाम, SDM पद छोड़कर राजनीति में नई पारी
Swaraj Times Desk: बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट Alankar Agnihotri आज वृंदावन की पावन धरती से अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करने जा रहे हैं। शंकराचार्य विवाद और यूजीसी की नई गाइडलाइंस के विरोध में एसडीएम पद से इस्तीफा देने के बाद वे लगातार चर्चा में हैं, और अब उन्होंने सक्रिय राजनीति में उतरने का फैसला किया है।
बांके बिहारी के दर्शन के बाद होगा ऐलान
जानकारी के अनुसार, अग्निहोत्री सबसे पहले Banke Bihari Temple में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद औपचारिक रूप से पार्टी के नाम और विचारधारा की घोषणा करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी का नाम भगवान राम और भगवान कृष्ण के नामों के संगम से रखा जाएगा, जो भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की एकता का प्रतीक होगा।
लंबा मंथन, नया राजनीतिक मंच
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह निर्णय अचानक नहीं लिया गया, बल्कि लंबे मंथन और चिंतन के बाद पार्टी गठन की तैयारी की गई है। प्रस्तावित दल का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को मजबूत करना होगा।
अग्निहोत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि वैचारिक आधार पर होगी। वे शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
शंकराचार्य विवाद पर भी बोले
इस दौरान उन्होंने Swami Avimukteshwaranand के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति पर आरोप नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज की छवि पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक नेताओं को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
इस्तीफे के बाद नई राह
यूजीसी गाइडलाइंस और प्रयागराज मेले में हुए विवाद के बाद उन्होंने बरेली एसडीएम पद से इस्तीफा दिया था। तब से वे सार्वजनिक मंचों पर लगातार सक्रिय हैं।
अब उनकी नई पार्टी किस दिशा में जाएगी, कितनी जनसमर्थन जुटा पाएगी और उत्तर प्रदेश की राजनीति में क्या असर डालेगी—यह आने वाला समय तय करेगा।
