PM Modi Message to Pakistan: कंधे से कंधा मिलाकर आतंक के खिलाफ लड़ेंगे भारत-इजरायल, पाकिस्तान को साफ संकेत
Swaraj Times Desk: इजरायल दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। इजरायल की धरती से उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता और इसके लिए कोई जगह नहीं है। उनके इस बयान को पाकिस्तान के लिए सीधा संदेश माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजरायल आतंकवाद तथा उसके समर्थकों के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता से भारत के सीधे हित जुड़े हैं, इसलिए भारत हमेशा संवाद और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है।
‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ को मजबूती
पीएम मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया है, जो विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और साझा हितों पर आधारित है।
व्यापार और तकनीक में नए कदम
प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने के लिए BTA समझौता हुआ है और जल्द ही FTA को अंतिम रूप देने की दिशा में काम चल रहा है। तकनीकी सहयोग को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने इजरायल में UPI के उपयोग पर समझौते का जिक्र किया। रक्षा क्षेत्र में ट्रांसफर ऑफ टेक्नोलॉजी और जॉइंट प्रोडक्शन पर भी सहमति बनी है।
कृषि और इनोवेशन पर फोकस
इजरायल की मदद से भारत में स्थापित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की संख्या 100 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ‘विलेज ऑफ एक्सीलेंस’ पहल के जरिए इजरायली तकनीक को भारतीय गांवों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके।
पीएम मोदी ने कहा कि इजरायल आना उनके लिए गर्व और भावनात्मक अनुभव है। उनके इस दौरे को रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग के नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
