Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से मसूरी में शादी की। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
Swaraj Times Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। दोनों की शादी उत्तराखंड के मसूरी स्थित मशहूर सवोय होटल में बेहद भव्य अंदाज में संपन्न हुई।
इस खास मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी दोस्त और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस इस नए जोड़े को ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कुलदीप यादव की शादी में भारतीय क्रिकेट टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हुए। इस समारोह में विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, सुरेश रैना और पीयूष चावला जैसे नामचीन क्रिकेटरों की मौजूदगी देखने को मिली। इसके अलावा महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी इस खुशी के मौके पर कपल को आशीर्वाद देने पहुंचे। शादी समारोह के दौरान भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी काफी चर्चा में रहे। उन्हें युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के साथ डांस करते हुए देखा गया। चहल ने पहले ही कहा था कि वे अपने करीबी दोस्त और “भाई” जैसे कुलदीप यादव की शादी में खूब मस्ती करेंगे और जमकर डांस करेंगे।
वहीं तिलक वर्मा ने भी शादी में शामिल होने को लेकर उत्साह जताया था। उनका कहना था कि क्रिकेट में वापसी से पहले वे इस खास मौके का पूरा आनंद लेना चाहते हैं। कुलदीप और वंशिका की शादी की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फैंस इस जोड़ी की केमिस्ट्री और शादी के खूबसूरत पलों को खूब पसंद कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस रिसेप्शन में क्रिकेट जगत के अलावा राजनीति और बिजनेस जगत से जुड़ी कई हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। कुलदीप यादव की शादी की खबर से उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
