• Sun. Mar 22nd, 2026
योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव का तंजयोगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव का तंज

UP Politics: योगी कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर अखिलेश यादव का तंज। बोले- यह विकास नहीं, रूठों को मनाने की कोशिश है…जानें पूरा बयान।

Swaraj Times Desk: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस संभावित कैबिनेट विस्तार पर तीखा तंज कसते हुए इसे “रूठों को मनाने वाला कदम” बताया है।

एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि असली विस्तार तो 2027 में जनता करेगी। उन्होंने कहा, “सरकार का और विकास का असली विस्तार चुनाव के बाद होगा। अभी जो हो रहा है, वह सिर्फ नाराज लोगों को खुश करने का प्रयास है।”

‘बजट खत्म, अब मंत्री बनेंगे’

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार पहले ही अपना बजट खर्च कर चुकी है और अब कैबिनेट विस्तार की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विकास की जरूरत के बजाय राजनीतिक संतुलन बनाने के लिए लिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कई विभागों में जल्दबाजी में बजट स्वीकृत किया जा रहा है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार चुनावी तैयारी में जुट गई है।

ग्रीन कॉरिडोर पर भी उठाए सवाल

लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर को लेकर भी अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह “ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बल्कि बर्बाद कॉरिडोर” है। उनके अनुसार, इस परियोजना में पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और यह मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई।

कानून व्यवस्था पर सरकार घिरी

अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस “हथेली गरम और पुलिस नरम” के सिद्धांत पर काम कर रही है।

गैस सिलेंडर ट्रक मामले में गंभीर आरोप

झांसी में गैस सिलेंडर से भरे ट्रक के गायब होने के मामले पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस घटना में बीजेपी से जुड़े लोग शामिल थे और ट्रक वापस मिलने पर उसमें आधे से ज्यादा सिलेंडर खाली थे।

चुनावी माहौल में तेज हुई बयानबाजी

प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। योगी कैबिनेट विस्तार की खबरों के बीच अखिलेश यादव का यह बयान सियासी माहौल को और गर्म करने वाला माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि सरकार इस विस्तार को कब और कैसे अमल में लाती है, और विपक्ष के आरोपों का क्या जवाब देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *