• Mon. Mar 9th, 2026

पटना में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन और नेतृत्व पर हो सकते हैं अहम फैसले

Swaraj Times Desk: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 25 जनवरी को पटना में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई है. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब पार्टी हालिया विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आत्ममंथन और पुनर्गठन के दौर से गुजर रही है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में तेजस्वी यादव को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है और उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है.

लालू यादव की उम्र और सेहत बनी वजह

सूत्रों का कहना है कि इस संभावित फैसले के पीछे RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बढ़ती उम्र और अस्वस्थता एक प्रमुख कारण है. हालांकि औपचारिक रूप से पार्टी की कमान अभी भी लालू यादव के हाथ में है, लेकिन व्यावहारिक रूप से अधिकांश राजनीतिक और संगठनात्मक फैसले तेजस्वी यादव ही ले रहे हैं. ऐसे में 25 जनवरी की बैठक में उनके नेतृत्व पर औपचारिक मुहर लगाई जा सकती है.

भीतरघात करने वालों पर कार्रवाई के संकेत

पटना में होने वाली इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन तक सीमित नहीं माना जा रहा. पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव में कथित तौर पर भीतरघात करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई का फैसला भी लिया जा सकता है. RJD नेतृत्व का मानना है कि चुनावी हार के पीछे संगठनात्मक कमजोरियों और आंतरिक असंतोष की बड़ी भूमिका रही है.

तेजस्वी यादव फिर हुए एक्टिव

विधानसभा चुनाव के बाद विदेश यात्रा को लेकर सत्तापक्ष के निशाने पर रहे तेजस्वी यादव अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं. हाल ही में वे विदेश से लौटे हैं और बीते दो दिनों में उन्होंने अपने पटना आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार बैठकें की हैं. इन बैठकों में संगठन विस्तार, जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों में रणनीति तय करने पर चर्चा हुई है.

बिहार यात्रा का भी बन सकता है प्लान

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 25 जनवरी की बैठक में तेजस्वी यादव की प्रस्तावित बिहार यात्रा पर भी फैसला लिया जा सकता है. माना जा रहा है कि वे जल्द ही राज्यभर में दौरा कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और पार्टी को दोबारा खड़ा करने की कोशिश करेंगे.

चुनावी हार के बाद आत्ममंथन

गौरतलब है कि हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में RJD को बड़ा झटका लगा था और पार्टी महज 25 सीटों पर सिमट गई थी, जबकि तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे थे. अब यह बैठक RJD के लिए नई शुरुआत और भविष्य की दिशा तय करने वाली साबित हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *