• Mon. Mar 9th, 2026

Swaraj Times Desk: दिल्ली और एनसीआर इन दिनों तीनहरी मार—ठंड, घना कोहरा और जहरीला प्रदूषण—का सामना कर रहे हैं। सोमवार सुबह राजधानी में घने कोहरे और स्मॉग की मोटी परत देखने को मिली, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात इतने खराब हैं कि कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।


खतरनाक स्तर पर पहुंचा AQI

प्रदूषण की स्थिति राजधानी के कई हिस्सों में बेहद चिंताजनक बनी हुई है। आनंद विहार में AQI 404, बवाना 408, नरेला 418, मुंडका 401, DTU 400 और पंजाबी बाग करीब 380 दर्ज किया गया। इसके अलावा ओखला फेज-2 में 386, नेहरू नगर 394, अशोक विहार 392 और अलीपुर 391 AQI रिकॉर्ड हुआ। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह स्तर लंबे समय तक बना रहा तो स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।


राजधानी पर छाई जहरीली स्मॉग

सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में स्मॉग की घनी परत छाई रही। बारापुल्ला फ्लाईओवर से सामने आए दृश्यों में राजधानी धुंध और प्रदूषण की गिरफ्त में नजर आई। हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो गया है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए हालात ज्यादा खतरनाक हैं।


GRAP स्टेज-IV लागू, सख्ती बढ़ी

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP स्टेज-IV के तहत सभी कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, पूरे क्षेत्र का औसत AQI 363 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।


AIIMS और अक्षरधाम में हालात ज्यादा खराब

AIIMS इलाके से सामने आए ड्रोन विजुअल्स में चारों ओर सिर्फ स्मॉग ही स्मॉग नजर आया। यहां AQI 363 दर्ज किया गया। वहीं, अक्षरधाम क्षेत्र की स्थिति और भी गंभीर है, जहां AQI 438 रिकॉर्ड हुआ, जो सीधे ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। प्रशासन ने लोगों को गैर-जरूरी बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।


वर्क फ्रॉम होम और स्कूलों में बदलाव

खराब हवा और मौसम को देखते हुए दिल्ली प्रशासन ने 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी है। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 5 तक स्कूल ऑनलाइन, जबकि कक्षा 6 से 12 तक हाइब्रिड मोड में संचालित किए जा रहे हैं।


मौसम विभाग का अनुमान कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के अनुसार 23 दिसंबर को भी कोहरा बना रहेगा, हालांकि इसे मध्यम कोहरा की श्रेणी में रखा गया है। इस दिन अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 10°C रहने का अनुमान है। 24 दिसंबर को ठंड और बढ़ सकती है, जब अधिकतम तापमान 19°C और न्यूनतम 9°C तक गिरने की संभावना है। विभाग का कहना है कि ठंडी हवाओं की कमी और अधिक नमी के कारण फिलहाल प्रदूषण और कोहरे से बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *