भोजपुरी सुपरस्टार के कार्यक्रम में अव्यवस्था, वायरल वीडियो ने खोली सुरक्षा इंतजामों की पोल
Swaraj Times Desk: Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित तीन दिवसीय गोरखपुर महोत्सव उस समय सुर्खियों में आ गया, जब भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के लाइव कार्यक्रम के दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए. देर रात हुए इस शो में भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन सुरक्षा और प्रबंधन में चूक के चलते अफरा-तफरी मच गई, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
परफॉर्मेंस के दौरान बढ़ा उत्साह, फिर बिगड़े हालात
गोरखपुर महोत्सव के दूसरे दिन, 12 जनवरी की रात पवन सिंह का मंच पर शानदार परफॉर्मेंस चल रहा था. हजारों की संख्या में मौजूद प्रशंसक उनके गानों पर झूम रहे थे. कार्यक्रम में उनके साथ मंच पर भोजपुरी अभिनेता और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन भी मौजूद थे, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया.
केक कटिंग के वक्त मची भगदड़
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पवन सिंह ने मंच पर अपना जन्मदिन मनाते हुए केक काटा, भीड़ अचानक आगे की ओर बढ़ने लगी. इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ ही पलों में स्थिति बेकाबू हो गई. लोग इधर-उधर भागने लगे, कई कुर्सियां टूट गईं और कुछ दर्शक एक-दूसरे पर गिरते नजर आए. पूरे पंडाल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया गया, ताकि भगदड़ और किसी बड़े हादसे को रोका जा सके. इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
वायरल वीडियो से उठे सवाल
घटना का करीब 26 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग भागते हुए, टूटी कुर्सियां और अव्यवस्था साफ देखी जा सकती है. इस वीडियो ने महोत्सव के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासनिक तैयारियों की कमी को उजागर किया है.
आज समापन में शामिल होंगे सीएम योगी
गौरतलब है कि 11 जनवरी से शुरू हुआ गोरखपुर महोत्सव 13 जनवरी को संपन्न होगा. आज समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम है. वे दोपहर 3 से 4 बजे के बीच लोगों को संबोधित करेंगे, जबकि रात में बॉलीवुड नाइट के तहत सिंगर बादशाह की परफॉर्मेंस प्रस्तावित है.
