• Sat. Mar 7th, 2026

जानिए कैसे रचा गया क्रिकेट का सबसे हैरान करने वाला रिकॉर्ड

Swaraj Times Desk: क्रिकेट में एक ओवर में 36 रन बनना भी बड़ी बात मानी जाती है, लेकिन अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज़ सेदिकुल्लाह अटल ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. महज़ 21 साल की उम्र में अटल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे आज दो साल बीत जाने के बाद भी कोई बल्लेबाज़ दोहरा नहीं सका. एक ही ओवर में 48 रन बनाना क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक पलों में गिना जाता है.

कब और कहां बना यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड?

यह ऐतिहासिक घटना काबुल प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में हुई, जहां शाहीन हंटर्स और अबासिन डिफेंडर्स की टीमें आमने-सामने थीं. मैच के 19वें ओवर तक शाहीन हंटर्स का स्कोर 6 विकेट पर 158 रन था. रन रेट दबाव में था और मुकाबला बराबरी का लग रहा था. क्रीज़ पर कप्तान सेदिकुल्लाह अटल मौजूद थे.

एक ओवर जिसने मैच पलट दिया

19वां ओवर लेकर आए बाएं हाथ के स्पिनर आमिर जजई. पहली ही गेंद नो-बॉल रही और अटल ने उसे सीधे दर्शकों के बीच पहुंचा दिया. इसके बाद गेंदबाज़ पूरी तरह लय खो बैठा. वाइड गेंदें, फ्री हिट और फिर एक के बाद एक गगनचुंबी छक्के.

उस एक ओवर में कुल 48 रन बने, जिसमें अटल ने 7 छक्के जड़ दिए. यह किसी भी मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया.

रिकॉर्ड के साथ जीत की नींव

अटल ने इसी ओवर के दौरान महज़ 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उनकी तूफानी बल्लेबाज़ी के दम पर शाहीन हंटर्स ने 6 विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में अबासिन डिफेंडर्स की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 121 रन पर ऑलआउट हो गई. मुकाबला 92 रनों से शाहीन हंटर्स ने जीत लिया.

सेदिकुल्लाह अटल: अफगानिस्तान का भविष्य

इस मैच में अटल 56 गेंदों पर नाबाद 118 रन बनाकर लौटे, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल थे. लोगर प्रांत से आने वाले इस बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने 2023–24 में अफगानिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया. आज वह सीमित ओवरों में अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए पहचाने जाते हैं और भविष्य के बड़े सितारे माने जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *