• Mon. Mar 9th, 2026

वडोदरा वनडे में जीत के बाद भी खल गया फैंस का रवैया, कोहली ने दिल की बात रखी

Swaraj Times Desk: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मैच के दौरान और बाद में एक ऐसा पल सामने आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया. यह पल जीत या शतक से नहीं, बल्कि फैंस के व्यवहार से जुड़ा था, जिस पर खुद विराट कोहली ने नाराज़गी जाहिर की.

रोहित के विकेट पर गूंजा स्टेडियम

वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जैसे ही नौवें ओवर में रोहित शर्मा आउट हुए, पूरे स्टेडियम में तालियों और शोर का माहौल बन गया. आमतौर पर किसी बड़े बल्लेबाज़ के आउट होने पर सन्नाटा छा जाता है, लेकिन यहां वजह अलग थी. रोहित के पवेलियन लौटते ही विराट कोहली बल्लेबाज़ी के लिए मैदान में उतर रहे थे और दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया.

फैंस की खुशी पर क्यों खफा हुए विराट?

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में विराट कोहली ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार और जोश समझ में आता है, लेकिन किसी खिलाड़ी के आउट होने पर इस तरह खुशी मनाना अच्छा नहीं लगता. कोहली ने साफ कहा कि जो खिलाड़ी आउट होकर ड्रेसिंग रूम लौटता है, उसके लिए यह भावनात्मक रूप से ठीक अनुभव नहीं होता.

विराट ने यह भी याद दिलाया कि ऐसा ही माहौल पहले महेंद्र सिंह धोनी के साथ भी देखा गया था. उन्होंने कहा कि वह इस तरह की चीजों को नजरअंदाज कर अपने खेल पर फोकस रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन यह बात दिल को जरूर चुभती है.

भावुक हुए कोहली

कोहली ने भावुक अंदाज़ में कहा कि करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने माना कि फैंस का प्यार उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है और वह अपना सपना जी रहे हैं.

मैच का हाल

अगर मैच की बात करें तो भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार आगाज़ किया. विराट कोहली शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने 91 गेंदों में 93 रनों की दमदार पारी खेली. शुभमन गिल (56 रन) और श्रेयस अय्यर (49 रन) ने भी अहम योगदान दिया. 300 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 49 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *