• Tue. Mar 10th, 2026

Himachal News: अधिकारी सुरक्षित नहीं, सत्ता संरक्षण में बेलगाम गुंडागर्दी का आरोप

Swaraj Times Desk: रणधीर शर्मा, बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी और श्री नैना देवी जी से विधायक, ने हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह चरमरा चुका है और हालात इतने गंभीर हैं कि अब सरकारी अधिकारी भी अपनी ड्यूटी के दौरान सुरक्षित नहीं रह गए हैं.

रणधीर शर्मा ने मनाली विधानसभा क्षेत्र की राउगी पंचायत की एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी आदेश के तहत जमीन की निशानदेही करने पहुंचे पटवारी भोप सिंह और अन्य राजस्व अधिकारियों पर जानलेवा हमला किया गया. उनका आरोप है कि नग्गर के बीडीसी अध्यक्ष खेख राम ने अपने राजनीतिक पद का दुरुपयोग करते हुए न केवल अधिकारियों को धमकाया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की. इस घटना में पटवारी के घायल होकर अस्पताल में भर्ती होने को उन्होंने प्रशासनिक तंत्र की भयावह स्थिति का प्रतीक बताया.

गृहमंत्री खुद मुख्यमंत्री, फिर भी हालात बेकाबू?

बीजेपी विधायक ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के गृहमंत्री स्वयं सुखविंदर सिंह सुक्खू हैं, तो कानून व्यवस्था की यह बदहाली आखिर किसकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि क्या सत्ता के संरक्षण में कुछ चुने हुए प्रतिनिधियों को खुलेआम गुंडागर्दी करने की छूट दे दी गई है. रणधीर शर्मा के मुताबिक, यह घटना केवल एक मामला नहीं है, बल्कि कांग्रेस शासन में पनप रही अराजकता की तस्वीर है.

“पद कानून से ऊपर नहीं”

रणधीर शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी राजनीतिक पद या कुर्सी कानून से ऊपर नहीं हो सकती. उन्होंने मांग की कि आरोपी बीडीसी अध्यक्ष के खिलाफ सख्त धाराओं में तत्काल मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए. साथ ही, पीड़ित अधिकारियों को सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रशासन बिना डर के अपना काम कर सके.

आंदोलन की चेतावनी

बीजेपी नेता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी. उन्होंने कहा कि जनता अब यह जानना चाहती है कि हिमाचल प्रदेश में कानून का राज बचेगा या कांग्रेस सरकार में बेलगाम हिंसा और दबंगई का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा.

रणधीर शर्मा का कहना है कि भाजपा चुप नहीं बैठेगी और हर मंच से सरकार को उसकी जिम्मेदारियों की याद दिलाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *