चुनाव से पहले ही शिवसेना (शिंदे गुट) का दमखम, उद्धव पर बरसे डिप्टी सीएम—‘भावनाओं से नहीं, विकास से जीतेगा मुंबई’
Swaraj Times Desk: महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया है और नतीजों के संकेत भी मिलने लगे हैं। वोटिंग से पहले ही शिवसेना (शिंदे गुट) ने बड़ी बढ़त बना ली है। राज्य के अलग-अलग महानगरपालिकाओं में कुल 19 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित किए गए हैं, जिससे महायुति के हौसले बुलंद हैं।
डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख Eknath Shinde ने इस मौके पर बिना नाम लिए Uddhav Thackeray पर तीखा हमला बोला। ठाणे में पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि चुनाव आते ही कुछ लोगों को मुंबई और मराठी मानुस की याद आने लगती है। “मुंबई के लुटेरे कौन हैं और उसके रखवाले कौन, यह जनता अच्छी तरह जानती है,” उन्होंने कहा।
मराठी मानुस के नाम पर राजनीति पर वार
शिंदे ने आरोप लगाया कि भावनात्मक मुद्दों के सहारे मुंबईकरों और मराठी मानुस को गुमराह करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आज तक विपक्ष ने मराठी मानुस के लिए ठोस रूप से क्या किया? “हम मराठी मानुस को फिर से मुंबई में बसाने का काम कर रहे हैं, जिसे पहले बाहर धकेला गया,” शिंदे ने कहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हो रही आलोचनाओं को भी शिंदे ने चुनावी हथकंडा बताया और कहा कि विकास की राजनीति छोड़कर भावनाओं को भड़काया जा रहा है।
ठाणे से जीत की शुरुआत
ठाणे महानगरपालिका को लेकर शिंदे ने दावा किया कि शिवसेना–बीजेपी महायुति के 7 नगरसेवक निर्विरोध चुने गए, जो जीत की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने भरोसा जताया कि मतदान के बाद भी ठाणे पर महायुति का भगवा लहराएगा।
सिर्फ ठाणे ही नहीं, कल्याण–डोंबिवली और जलगांव जैसे शहरों में भी महायुति के कई उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। शिंदे ने कहा कि निर्विरोध जीत जनता के भरोसे और किए गए कामों की पावती होती है। जहां विपक्ष को हार दिखती है, वहां वे नामांकन वापस ले लेते हैं।
विकास बनाम भावनाएं
मुंबई के विकास पर शिंदे ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे एक भी ठोस काम गिनाकर दिखाएं। उन्होंने कंक्रीट सड़कों, मेट्रो प्रोजेक्ट्स, कोस्टल रोड और रुकी परियोजनाओं को रफ्तार देने का जिक्र किया। साथ ही दावा किया कि मुंबई को ग्लोबल फिनटेक हब बनाने के विजन के तहत महाराष्ट्र को बड़े निवेश मिले हैं।
अंत में शिंदे ने विश्वास जताया कि नगर निगम चुनावों में महायुति को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और राज्यभर में भगवा परचम लहराएगा।
