National News: भारत की विदेश नीति से प्रभावित हुए फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, कहा- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सीट बेहद जरूरी
Swaraj Times Desk: भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बन गई है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भारत की विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि दुनिया को थोड़ा और भारत जैसा बनने की जरूरत है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत को स्थायी सदस्यता देने का भी जोरदार समर्थन किया।
फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब 4 मार्च से 7 मार्च तक भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। बातचीत में उन्होंने बदलते वैश्विक परिदृश्य, सुरक्षा चुनौतियों और भारत की भूमिका को लेकर अपनी राय रखी।
अलेक्जेंडर स्टब ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है और वैश्विक व्यवस्था भी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ के देशों के साथ मिलकर यह तय करने में अहम भूमिका निभाएगा कि भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बैठक के दौरान भारत और फिनलैंड के बीच रक्षा, क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों पर भी चर्चा हुई। पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन संघर्षों को जल्द खत्म करना पूरी दुनिया के हित में है। स्थायी शांति तभी संभव है जब संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का सम्मान किया जाए।
फिनलैंड के राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए स्थायी सीट बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक भारत न केवल दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है बल्कि वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था भी है, जो कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को भी अहम बताया। इस दौरे में उनके साथ फिनलैंड की लगभग 20 कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जो टेक्नोलॉजी, क्वांटम रिसर्च, सैटेलाइट, नेटवर्किंग, फूड इंडस्ट्री और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाश रहा है।
अलेक्जेंडर स्टब ने भारतीय विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि भारत हमेशा व्यावहारिक और यथार्थवादी दृष्टिकोण अपनाता है। उनके मुताबिक भारत ने दुनिया को दिखाया है कि रणनीतिक सतर्कता बनाए रखते हुए बहुपक्षवाद और वैश्विक सहयोग को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
