• Mon. Mar 9th, 2026

गाजीपुर से लेकर हर की पैड़ी तक, राजभर ने जन्मदिन, राजनीति और संविधान पर रखी खुली राय

Swaraj Times Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार (15 जनवरी 2026) को कई मुद्दों पर बयानबाजी देखने को मिली. पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या के शिकार युवक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति, कानून-व्यवस्था, धर्म, गठबंधन और नेताओं के जन्मदिन तक पर खुलकर अपनी बात रखी.

मायावती और डिंपल यादव को दी जन्मदिन की बधाई

15 जनवरी को बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का 70वां और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का 48वां जन्मदिन है. इस मौके पर ओमप्रकाश राजभर ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं.
मायावती द्वारा अपने जन्मदिन पर यह ऐलान किए जाने कि वह अब अकेले चुनाव लड़ेंगी, इस पर राजभर ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और पार्टीगत फैसला है. “वह अपनी पार्टी की मुखिया हैं, गठबंधन करें या अकेले चुनाव लड़ें, यह उनका अधिकार है,” उन्होंने कहा.

हर की पैड़ी और संविधान पर साफ रुख

उत्तराखंड में हर की पैड़ी पर गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने दो टूक कहा कि देश संविधान से चलता है. उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर किसी नागरिक के प्रवेश पर रोक संविधान की भावना के खिलाफ है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रयागराज में अर्धकुंभ चल रहा है, जहां हर जाति और धर्म के लोग बिना किसी रोक-टोक के स्नान कर रहे हैं.

राहुल गांधी के बयान पर पलटवार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए बयान पर राजभर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि “60 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, अगर चीन आगे बढ़ा है तो यह उनकी नाकामी है. उन्होंने देश को पीछे और दूसरों को आगे बढ़ाने का काम किया.”

ED-CBI और कानून-व्यवस्था पर बयान

कोलकाता हाईकोर्ट द्वारा टीएमसी की याचिका खारिज किए जाने पर राजभर ने कहा कि ED और CBI स्वतंत्र एजेंसियां हैं. अगर वे जांच के लिए किसी राज्य में जाती हैं तो राज्य सरकार का दायित्व है कि सहयोग करे, न कि बाधा डाले.

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में न तो कोई बड़ा दंगा हुआ और न ही कर्फ्यू लगा. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी, लेकिन मौजूदा सरकार में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है.
राजभर ने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि देर हो जाए, लेकिन कार्रवाई सही व्यक्ति के खिलाफ हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *