Facebook Messenger: अब messenger.com नहीं चलेगा, Facebook प्लेटफॉर्म पर ही करनी होगी चैटिंग
Swaraj Times Desk: डिजिटल दुनिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। टेक दिग्गज Meta Platforms ने ऐलान किया है कि अप्रैल 2026 से Facebook Messenger की स्वतंत्र वेबसाइट messenger.com को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद यूजर्स सीधे इस साइट से चैट नहीं कर पाएंगे।
कंपनी की अपडेटेड हेल्प पेज जानकारी के मुताबिक, वेब पर होने वाली सभी बातचीत अब Facebook के मुख्य प्लेटफॉर्म के जरिए ही की जाएगी। यानी अगर आप अप्रैल 2026 के बाद messenger.com खोलेंगे, तो आपको ऑटोमैटिक तौर पर facebook.com/messages पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा।
डेस्कटॉप यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?
डेस्कटॉप पर चैटिंग जारी रखने के लिए अब Facebook के वेब इंटरफेस का उपयोग करना होगा। मोबाइल यूजर्स के लिए Messenger ऐप पहले की तरह काम करता रहेगा, इसलिए स्मार्टफोन यूजर्स को फिलहाल कोई बदलाव महसूस नहीं होगा।
हालांकि, वे लोग जिन्होंने अपना Facebook अकाउंट डिएक्टिवेट कर रखा है लेकिन messenger.com के जरिए चैट करते थे, उनके लिए विकल्प सीमित हो जाएंगे। ऐसे यूजर्स अब केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से ही बातचीत जारी रख पाएंगे। चैट हिस्ट्री सुरक्षित रखने के लिए PIN आधारित बैकअप सुविधा जारी रहेगी।
पहले भी उठाए गए थे ऐसे कदम
यह फैसला अचानक नहीं आया है। इससे पहले Meta Windows और Mac के लिए अलग Messenger डेस्कटॉप ऐप्स भी बंद कर चुका है। उस समय भी यूजर्स को Facebook के वेब इंटरफेस की ओर शिफ्ट किया गया था।
इस बदलाव की जानकारी सबसे पहले टेक रिसर्चर Alessandro Paluzzi ने साझा की थी। अब कंपनी वेबसाइट और ऐप पर पॉप-अप नोटिफिकेशन के जरिए यूजर्स को सूचित कर रही है।
एक प्लेटफॉर्म, एक रणनीति
Messenger की शुरुआत 2008 में Facebook Chat के रूप में हुई थी। 2011 में इसे अलग ऐप बनाया गया और 2014 में Facebook ऐप से मैसेजिंग फीचर हटाकर यूजर्स को Messenger ऐप की ओर शिफ्ट किया गया।
लेकिन 2023 के बाद कंपनी ने रणनीति बदलते हुए Messenger फीचर्स को फिर से Facebook ऐप में जोड़ना शुरू किया। वेबसाइट बंद करने का निर्णय इसी व्यापक एकीकरण योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
हालांकि, कई यूजर्स ने इस कदम पर नाराजगी जताई है। खासकर वे लोग जो Facebook अकाउंट के बिना Messenger वेब का इस्तेमाल कर रहे थे।
