• Sat. Mar 7th, 2026

2026 की शुरुआत खुशी नहीं, मातम से — ‘Le Constellation’ बार में
विस्फोट के बाद inferno जैसी आग, पर्यटकों में दहशत!

Swaraj Times Desk: स्विट्जरलैंड के पर्यटन शहर क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर सेलिब्रेशन उस वक्त मातम में बदल गया, जब आधी रात के करीब एक प्रसिद्ध बार ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) में अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग ने पूरे परिसर को घेर लिया। बार में उस समय नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनकी चिल्लाहट और भगदड़ से पूरा इलाका दहल उठा। अधिकारियों ने इस हादसे में कई लोगों की मौत और दर्जनों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की है।

कैसे हुआ हादसा?

वैलेस कैंटन पुलिस के अनुसार, रात 1:30 बजे बार के भीतर एक या एक से अधिक धमाके सुने गए। धमाकों के तुरंत बाद आग तेजी से फैल गई, जिसके कारण उपस्थित कई लोग धुएं और लपटों के बीच फंस गए। कई लोग बाहर निकलने की कोशिश में घायल हुए और कुछ बेहोश भी पाए गए।

फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह संदेह जरूर जताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर लीकेज या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग भड़की हो सकती है, लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


बचाव अभियान – हेलीकॉप्टर तक बुलाए गए

धमाके की सूचना मिलते ही राहत दल, दमकल कर्मी और मेडिकल यूनिट मौके पर पहुंच गई। पुलिस प्रवक्ता गैटन लाथियन ने एएफपी से बातचीत में बताया कि:

“कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हैं… हमारी प्राथमिकता सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना और घायलों को जल्द इलाज उपलब्ध कराना है।”

  • घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टर तैनात किए गए
  • एंबुलेंस और मेडिकल टीमें लगातार राहत कार्य में लगीं
  • आग बुझाने का प्रयास कई घंटों तक चलता रहा

हेल्पलाइन नंबर जारी – परिजनों के लिए इंतज़ार की घड़ी

हादसे के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवारों और पर्यटकों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर – 0848 112 117 जारी किया है, जिस पर हताहतों और घायलों की पहचान से संबंधित जानकारी ली जा सकती है। अधिकारियों ने सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना की विस्तृत जानकारी देने का भी ऐलान किया है।

क्रांस-मोंटाना में डर का माहौल

न्यू ईयर के जश्न के लिए दुनिया भर से हजारों लोग क्रांस-मोंटाना पहुंचे थे, लेकिन इस घटना के बाद शहर में दहशत फैल गई है। कई पर्यटकों ने कहा कि “म्यूजिक के तेज शोर के बीच अचानक धमाका हुआ और फिर लोग चीखते हुए बाहर भागने लगे, सब कुछ फिल्म की तरह हुआ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *