Swaraj Times Desk: जब दिल ने चाहा, लेकिन हालात आड़े आए—नूतन की अधूरी मोहब्बतों की दास्तान
हिंदी सिनेमा की सबसे सशक्त और सम्मानित अभिनेत्रियों में शुमार नूतन ने पर्दे पर जितनी गहराई से किरदार निभाए, निजी जिंदगी में भी उतार-चढ़ाव उतने ही रहे। अपनी शानदार एक्टिंग और दमदार व्यक्तित्व के अलावा नूतन की पर्सनल लाइफ भी लंबे समय तक चर्चा में रही। उन्होंने 1959 में रजनीश बहल से शादी की, जिनसे उन्हें एक बेटा मोहनीश बहल हुआ। लेकिन शादी से पहले नूतन की जिंदगी में दो ऐसे रिश्ते आए, जो मुकम्मल नहीं हो सके।
राजेंद्र कुमार के साथ अधूरी मोहब्बत
नूतन का नाम सबसे पहले अभिनेता राजेंद्र कुमार के साथ जोड़ा गया। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें साजन बिना सुहागन, फिल्म ही फिल्म, मैं तेरे लिए और साजन की सहेली शामिल हैं। फिल्मों के सेट पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों शादी करने का मन भी बना चुके थे।
हालांकि, जब नूतन ने इस रिश्ते की जानकारी अपनी मां शोभना समर्थ को दी, तो उन्हें साफ इनकार का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि राजेंद्र कुमार खुद शोभना से मिलने उनके घर पहुंचे, लेकिन बातचीत सकारात्मक दिशा में नहीं गई। इस मुलाकात के बाद न सिर्फ शादी की बात खत्म हुई, बल्कि रिश्ता भी टूट गया। दिलचस्प बात यह है कि ब्रेकअप के कई साल बाद भी दोनों ने फिल्म साजन बिना सुहागन में साथ काम किया, जहां उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को खूब सराहा गया।
शम्मी कपूर से प्यार, लेकिन किस्मत ने दिया धोखा
राजेंद्र कुमार से अलग होने के बाद नूतन की जिंदगी में शम्मी कपूर आए। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और फिल्मों लैला मजनू, लाट साहब और बसंत में साथ नजर आए। इस रिश्ते को नूतन की मां से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन उनके करीबी दोस्त और दिग्गज अभिनेता मोतीलाल इस रिश्ते के खिलाफ थे।
मोतीलाल की असहमति के बाद हालात ऐसे बने कि शोभना समर्थ ने नूतन को कुछ समय के लिए स्विट्जरलैंड भेज दिया, और इसी दूरी ने इस रिश्ते को भी खत्म कर दिया।
आखिरकार शादी और स्थिर जीवन
इन असफल रिश्तों के बाद नूतन ने रजनीश बहल से शादी की और अपने परिवार के साथ एक संतुलित जीवन जिया। उनकी निजी जिंदगी की ये कहानियां बताती हैं कि सफलता और शोहरत के पीछे भी कई अधूरी चाहतें छिपी होती हैं।
