• Wed. Mar 11th, 2026

शंकराचार्य विवाद में सीएम योगी के समर्थन में उतरे ओमप्रकाश राजभर, VIP कल्चर और अनुमति को लेकर दी दो टूक राय

Swaraj Times Desk: उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर सियासत तेज हो गई है. इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Om Prakash Rajbhar ने बड़ा बयान देकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का खुलकर बचाव किया है. शनिवार को उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर सुल्तानपुर पहुंचे राजभर ने साफ कहा कि अगर कोई बिना अनुमति किसी आयोजन या स्थान पर जाता है और फिर कोई समस्या होती है, तो इसके लिए सरकार को दोष देना उचित नहीं है.

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एक तरफ जनता VIP कल्चर खत्म करने की मांग कर रही है और दूसरी तरफ कुछ लोग खुद VIP ट्रीटमेंट चाहते हैं. उन्होंने कहा, “अगर व्यवस्था में बदलाव चाहिए तो सिस्टम की मांग कीजिए. बिना परमिशन घुस जाओ और फिर कुछ हो जाए तो सरकार को दोष दोगे, यह ठीक नहीं है. अनुमति लेकर जाएंगे तो सुरक्षा भी मिलेगी और व्यवस्था भी बनी रहेगी.”

शंकराचार्य विवाद पर क्या बोले राजभर?

शंकराचार्य Avimukteshwaranand Saraswati से जुड़े विवाद पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का उदाहरण देते हुए धार्मिक संदर्भ भी जोड़ा. उन्होंने कहा कि सीएम योगी के कहने का तात्पर्य वही है, जैसे हनुमान जी संजीवनी लाने जा रहे थे ताकि लक्ष्मण जी की जान बचाई जा सके. हनुमान जी एक अच्छा काम करने जा रहे थे, लेकिन बीच में बाधाएं आईं.

राजभर ने कहा कि अगर लोग आस्था के साथ स्नान या पूजा-पाठ के लिए जा रहे हैं, तो उन्हें वह कार्य शांतिपूर्वक करना चाहिए. सरकार से टकराव करने से किसी का भला नहीं होगा. स्नान करिए, पूजा करिए और घर जाइए, यही सही रास्ता है.

योगी और केशव मौर्य के बयानों पर संतुलित प्रतिक्रिया

डिप्टी सीएम Keshav Prasad Maurya के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हर व्यक्ति के विचार अलग हो सकते हैं. उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अमन-चैन है. पूर्ववर्ती सरकारों में जहां दंगे आम बात थे, वहीं योगी के शासन में एक भी बड़ा दंगा नहीं हुआ है. छिटपुट घटनाएं होती हैं तो आरोपी सीधे जेल पहुंचते हैं.

पंचायत चुनाव समय पर होंगे

यूपी में पंचायत चुनाव टलने की अटकलों को खारिज करते हुए राजभर ने कहा कि यह सिर्फ अफवाह है. उन्होंने बताया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का कार्यक्रम 6 फरवरी तक चलेगा और इसके बाद समय पर पंचायत चुनाव कराए जाएंगे. उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *