• Mon. Mar 9th, 2026

Sharad Pawar Health: ICU में नहीं, हालत स्थिर… कार्यकर्ताओं से अस्पताल न आने की अपील

Swaraj Times Desk: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की तबीयत को लेकर चिंतित समर्थकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सीने में संक्रमण और जकड़न की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

85 वर्षीय वरिष्ठ नेता को सांस लेने में दिक्कत और लगातार खांसी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। मेडिकल जांचों के बाद उन्हें आईसीयू में नहीं बल्कि एक प्राइवेट रूम में रखा गया है। डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और एंटीबायोटिक दवाओं का कोर्स शुरू किया गया है।

उनके पोते और विधायक रोहित पवार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी टेस्ट कर लिए गए हैं और अभी किसी तरह का लाइफ सपोर्ट नहीं लगाया गया है। रिपोर्ट्स आने के बाद आगे का इलाज पुणे में ही जारी रहेगा या मुंबई शिफ्ट करना है, इस पर फैसला लिया जाएगा।

रोहित पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पहले से कई मरीज भर्ती हैं, इसलिए भीड़ न लगाई जाए। परिवार की ओर से नियमित अपडेट दिए जाएंगे।

इसी बीच, शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उन्हें सीने में जकड़न हुई थी और डॉक्टरों ने पांच दिन तक एंटीबायोटिक्स लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बाकी सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने डॉक्टरों और शुभचिंतकों का आभार भी जताया।

राजनीतिक हलकों में शरद पवार की सेहत को लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि वे महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। हालांकि परिवार और डॉक्टरों के आश्वासन के बाद फिलहाल स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

समर्थकों की दुआओं और डॉक्टरों की निगरानी के बीच अब सबकी नजर उनकी जल्द स्वस्थ होने की खबर पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *