• Mon. Mar 9th, 2026

ड्रग्स के आरोप या कच्चे तेल की लड़ाई? एयरस्ट्राइक के बीच ट्रंप का बयान बना बड़ा सवाल

Swaraj Times Desk: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई भीषण एयरस्ट्राइक के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है. राजधानी काराकास समेत मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा जैसे इलाकों पर अमेरिकी वायुसेना ने ताबड़तोड़ हमले किए, जिसके बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया. इस सैन्य कार्रवाई के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे घटनाक्रम को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

वायरल वीडियो में ट्रंप कहते नजर आते हैं, “उन्होंने हमारे तेल के अधिकार छीन लिए. वहां हमारा बहुत सारा तेल था. उन्होंने हमारी कंपनियों को बाहर निकाल दिया और हम उसे वापस चाहते हैं.” यह बयान उन्होंने 18 दिसंबर को एयरफोर्स वन में उड़ान भरने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान दिया था. अब, जब वेनेजुएला पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक हो चुकी है, तो इस वीडियो को उसी कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है.

ड्रग्स का आरोप या तेल की असली वजह?

हालांकि अमेरिका आधिकारिक तौर पर वेनेजुएला पर ड्रग्स तस्करी को लेकर कार्रवाई का दावा करता रहा है, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि इस पूरे टकराव के केंद्र में वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार हैं. ट्रंप प्रशासन ने कई बार कहा कि वेनेजुएला से अमेरिका में भारी मात्रा में ड्रग्स भेजी जा रही हैं. इसी आधार पर वेनेजुएला के जहाजों और ठिकानों पर हमलों को सही ठहराया गया. ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को ‘ड्रग तस्कर’ तक कह दिया था.

एक महीने पहले बातचीत का संकेत

गौर करने वाली बात यह है कि 2 दिसंबर को वेनेजुएला ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह ड्रग्स तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत को तैयार है. लेकिन मादुरो यह भी जानते थे कि ट्रंप उनकी सरकार को हटाने की मंशा रखते हैं, खासकर इसलिए क्योंकि वेनेजुएला ने अमेरिकी तेल कंपनियों को देश से बाहर का रास्ता दिखा दिया था.

चारों ओर से घेराबंदी और एयरस्ट्राइक

एयरस्ट्राइक से पहले ही अमेरिका ने वेनेजुएला को सैन्य रूप से चारों ओर से घेरना शुरू कर दिया था. ग्राउंड ऑपरेशन की चेतावनियां दी जा रही थीं और आखिरकार 3 जनवरी की तड़के यूएस एयरफोर्स ने हमलों को अंजाम दिया. ट्रंप ने दावा किया कि मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ने हिरासत में ले लिया है, हालांकि इस दावे पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

तेल बना असली ट्रिगर?

एयरस्ट्राइक के समय वायरल हुआ यह वीडियो इस सवाल को और मजबूत करता है कि क्या वेनेजुएला पर कार्रवाई का असली कारण ड्रग्स नहीं, बल्कि तेल है. फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस टकराव पर टिकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *