• Wed. Mar 11th, 2026

Swaraj Times Desk: Entertainment: आमना शरीफ का इमोशनल खुलासा: डिप्रेशन, पैनिक अटैक और टूटती उम्मीदों की कहानी

टीवी सीरियल ‘कहीं तो होगा’ में कशिश का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली आमना शरीफ आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती हैं। अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय से उन्होंने टीवी से लेकर फिल्मों तक में एक अलग मुकाम हासिल किया। हालांकि लंबे समय से वह स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आमना ने अपनी जिंदगी के उस दर्दनाक दौर का जिक्र किया, जिसने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था।

इंटरव्यू में आमना शरीफ ने बताया कि उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल और काला दौर उनकी मां के निधन के बाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी मां सिर्फ उनकी पैरेंट नहीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया थीं। जब उनका बेटा बहुत छोटा था, उसी समय उन्होंने अपनी मां को खो दिया। यह सदमा उनके लिए इतना बड़ा था कि वह उस सच्चाई को स्वीकार ही नहीं कर पा रही थीं।

आमना ने खुलासा किया कि मां के जाने के बाद वह करीब दो साल तक डिप्रेशन में रहीं। इस दौरान उन्हें यह समझ ही नहीं आ रहा था कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाहर से सबकुछ सामान्य दिखता था, लेकिन अंदर ही अंदर वह पूरी तरह टूट चुकी थीं। एक्ट्रेस के मुताबिक, उस वक्त कुछ करीबी लोग उनके साथ थे, जिन्होंने उनका ख्याल रखा, लेकिन मानसिक दर्द इतना गहरा था कि उससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था।

इंटरव्यू के दौरान आमना उस दौर को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें बार-बार पैनिक अटैक आने लगे थे। कई बार हालत इतनी बिगड़ जाती थी कि उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ता था। आमना ने कहा कि वह उनकी जिंदगी का सबसे डरावना और दर्दनाक समय था, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।

हालांकि वक्त के साथ आमना ने खुद को संभाला और धीरे-धीरे उस अंधेरे दौर से बाहर निकलने में कामयाब रहीं। आज वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और जिंदगी को नए नजरिए से देख रही हैं। फिलहाल वह किसी टीवी शो या वेब सीरीज में नजर नहीं आ रही हैं, क्योंकि उनका पूरा फोकस अपने बेटे की परवरिश पर है।

भले ही आमना स्क्रीन से दूर हों, लेकिन सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपनी खूबसूरत तस्वीरें और लाइफ से जुड़े पॉजिटिव पल फैंस के साथ शेयर करती हैं। आमना की यह कहानी न सिर्फ उनके फैंस के लिए इमोशनल है, बल्कि उन लोगों के लिए भी प्रेरणा है, जो किसी न किसी तरह के मानसिक संघर्ष से गुजर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *