• Mon. Mar 9th, 2026

AI इमेज, टैरिफ और सैन्य संकेत—ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की रणनीति से यूरोप में बढ़ी बेचैनी

Swaraj Times Desk: अमेरिका और यूरोप के रिश्तों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. वजह है Donald Trump की ग्रीनलैंड को लेकर लगातार दिखाई जा रही दिलचस्पी. हाल ही में White House के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक एआई (AI) जनरेटेड तस्वीर साझा की गई, जिसमें 79 वर्षीय ट्रंप एक पेंगुइन के साथ बर्फीले रास्ते पर Greenland की ओर बढ़ते दिख रहे हैं. तस्वीर के साथ लिखा गया— “Embrace the penguin”.

इस पोस्ट को हल्के-फुल्के मजाक की तरह पेश किया गया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय राजनीति के जानकार इसे ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के इरादों का “सॉफ्ट मैसेज” मान रहे हैं.

ग्रीनलैंड क्यों है ट्रंप के निशाने पर?

डोनाल्ड ट्रंप कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि ग्रीनलैंड अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद अहम है. आर्कटिक क्षेत्र में स्थित यह इलाका न सिर्फ सैन्य दृष्टि से, बल्कि खनिज संसाधनों और भविष्य के व्यापारिक मार्गों के लिहाज से भी रणनीतिक माना जाता है. ट्रंप इससे पहले डेनमार्क को यह चेतावनी भी दे चुके हैं कि अगर ग्रीनलैंड पर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका सैन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकता है.

ग्रीनलैंड फिलहाल डेनमार्क के अधीन एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है, और ट्रंप के इन बयानों के बाद डेनमार्क समेत कई यूरोपीय देशों ने वहां अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी थी.

AI तस्वीरों से संदेश देने की नई राजनीति

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर एआई तस्वीरों का सहारा लिया हो. इससे पहले उन्होंने ऐसी इमेज शेयर की थीं, जिनमें ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया था. एक तस्वीर में ट्रंप खुद अमेरिकी झंडा गाड़ते नजर आए थे, उनके साथ JD Vance और Marco Rubio भी दिखाई दिए थे.
एक अन्य AI इमेज में अमेरिका का विस्तारित नक्शा दिखाया गया था, जिसमें ग्रीनलैंड के साथ कनाडा और वेनेजुएला तक शामिल थे. इन तस्वीरों को कई यूरोपीय नेताओं ने उकसावे वाला बताया.

टैरिफ और NATO का एंगल

ग्रीनलैंड विवाद के बीच ट्रंप ने यूरोपीय संघ के कई देशों और ब्रिटेन पर 10% टैरिफ लगाने की घोषणा भी की थी, हालांकि बाद में इसे फिलहाल टाल दिया गया. यह फैसला दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान NATO प्रमुख मार्क रुटे से मुलाकात के बाद लिया गया. ट्रंप का दावा है कि जल्द ही ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका-यूरोप के बीच एक नया फ्रेमवर्क सामने आएगा.

यूरोप में चिंता, बाजारों में अस्थिरता

ट्रंप के बयानों, AI तस्वीरों और टैरिफ की धमकियों से यूरोप में बेचैनी साफ दिख रही है. निवेशकों को डर है कि ग्रीनलैंड विवाद अगर और बढ़ा, तो इसका असर वैश्विक बाजारों और ट्रांस-अटलांटिक रिश्तों पर पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *