• Sun. Mar 8th, 2026

साल के अंतिम दिन लगा बड़ा सियासी पोस्टर – क्या 2026 की राजनीति में होगी ‘निशांत युग’ की शुरुआत?

Swaraj Times Desk: बिहार की सियासत में नया तूफान उठा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो अब तक परिवारवाद के मुखर विरोधी माने जाते थे, अब उन्हीं पर आरोपों के तीर ताने जा रहे हैं – और वजह हैं उनके बेटे निशांत कुमार। पटना में अचानक जगह–जगह लगे नए पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। इन पोस्टरों में निशांत को राजनीति में लाने की खुली मांग की गई है और उन्हें “अगली पीढ़ी का भविष्य” बताया गया है।

कहां लगे पोस्टर – किसने लगाए?

राजधानी पटना के जेडीयू दफ्तर और आसपास के इलाकों में लगाए गए इन पोस्टरों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फोटो के साथ लिखा है –
“नव वर्ष की नई सौगात, नीतीश सेवक मांगें निशांत”
“चाचा जी के हाथों में सुरक्षित बिहार, अब भविष्य संवारें भाई निशांत कुमार”

सूत्रों के मुताबिक, ये पोस्टर छात्र जेडीयू की ओर से लगाए गए हैं। पोस्टर में नया साल मुबारक का संदेश भी है, जिससे साफ लगता है कि इसे रणनीतिक रूप से साल के अंतिम दिन लगाया गया, ताकि नए साल की शुरुआत में राजनीतिक संदेश ज्यादा गूंजे।


क्या सचमुच राजनीति में कदम रखेंगे निशांत?

यह पहला मौका नहीं है जब जेडीयू में निशांत को आगे लाने की मांग उठी है। कई बार पार्टी के भीतर नेता यह कह चुके हैं कि उन्हें नीतीश के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में सामने आना चाहिए। लेकिन अब तक इस पर न तो नीतीश कुमार ने कोई सार्वजनिक टिप्पणी की है और न ही उनके बेटे ने कोई रुख साफ किया है।
जब–जब निशांत से यह सवाल पूछा गया — क्या आप राजनीति में आ रहे हैं? — उनका जवाब हर बार रहा है: “कोई टिप्पणी नहीं”, यानी पूरी खामोशी।

क्या परिवारवाद के खिलाफ खड़े नीतीश लेंगे यू–टर्न?

बिहार में नीतीश कुमार को हमेशा उस नेता के रूप में पहचाना गया जिसने लालू परिवार की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि राजनीति वंशवाद की बपौती नहीं।
ऐसे में यह सवाल अब हर किसी की जुबान पर है –
क्या नीतीश अपने बेटे को राजनीति में लाकर अपने ही स्थापित सिद्धांत से पीछे हटेंगे?
क्या जेडीयू की अगली लीडरशिप तैयार हो रही है?
या यह सिर्फ समर्थकों द्वारा किया गया प्रेशर–बिल्डिंग स्टंट है?


संकेत क्या कहते हैं?

पोस्टर लगाए गए – पार्टी का सॉफ्ट संकेत
कार्यकर्ताओं की लगातार बढ़ती मांग
मुख्यमंत्री की खामोशी – सबसे बड़ा सवाल

सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि 2025–26 नीतीश कुमार के राजनीतिक संक्रमण का साल हो सकता है, और उनके उत्तराधिकारी के नाम पर जमीन तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *