ट्रंप के बयान से अमेरिका–ईरान तनाव और गहराया, विरोध जारी रखने की खुली अपील
Swaraj Times Desk: ईरान में जारी सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक तीखा और चौंकाने वाला बयान सामने आया है. मंगलवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने सीधे तौर पर ईरानी प्रदर्शनकारियों से आंदोलन तेज करने और सरकारी संस्थाओं पर कब्जा करने की अपील की है. उनके इस संदेश ने पश्चिम एशिया में पहले से मौजूद तनाव को और भड़का दिया है.
प्रदर्शनकारियों को ट्रंप का सीधा संदेश
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “ईरान के देशभक्तों, विरोध जारी रखो. अपनी संस्थाओं पर कब्जा करो. हत्यारों और अत्याचारियों के नाम सुरक्षित रखो, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.” ट्रंप ने दावा किया कि जब तक ईरान में प्रदर्शनकारियों की “बेवजह हत्याएं” बंद नहीं होतीं, तब तक उन्होंने ईरानी अधिकारियों के साथ होने वाली सभी बैठकें रद्द कर दी हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा, “आपकी मदद रास्ते में है,” हालांकि इस मदद के स्वरूप को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.
व्हाइट हाउस का रुख और सैन्य विकल्प
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने हाल ही में बताया था कि ईरान के खिलाफ एयरस्ट्राइक कई विकल्पों में से एक है, जिन पर राष्ट्रपति विचार कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी दोहराया कि कूटनीति अमेरिका की पहली प्राथमिकता बनी हुई है. दूसरी ओर, अब्बास अरागची ने साफ किया है कि ईरान बातचीत के लिए भी तैयार है और युद्ध के लिए भी.
ईरान में हालात और गंभीर
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बिगड़ती आर्थिक स्थिति और महंगाई के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन अब ईरान के सभी 31 प्रांतों में फैल चुका है. अनौपचारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 2,000 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि ईरानी सरकार ने इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ट्रंप का टैरिफ दांव
तनाव बढ़ाते हुए ट्रंप ने यह भी ऐलान किया है कि जो देश ईरान के साथ व्यापार करेंगे, उन पर अमेरिका के साथ कारोबार करते समय 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा. इसे ईरान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
ट्रंप का यह बयान साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में अमेरिका–ईरान संबंध और ज्यादा टकराव की दिशा में जा सकते हैं.
